लोक राज संगठन का बयान, 1 अप्रैल, 2020
कोरोना वायरस दुनिया के कोने-कोने में फैल रहा है और इससे हज़ारों लोगों की जानें गयी हैं। आज तक करीब 8.8 लाख लोग वायरस से संक्रमित हैं और 44,000 से अधिक लोग मारे गए हैं।
हिन्दोस्तान में, संक्रमित लोगों की संख्या और संक्रमण के कारण होने वाली मौतों की संख्या तेजी से बढ़ रही हैं। यह लाखों लोगों के लिए गंभीर ख़तरा बन गई है।
बढ़ते ख़तरे का सामना करने के लिए सरकार ने 24 मार्च से 21 दिन के लाकडाऊन की घोषणा की है। केवल आवश्यक सेवाएं काम कर रही हैं। स्कूल, कारखाने और अन्य संस्थान बंद कर दिए गए हैं। लाखों दिहाड़ी मजदूरों, छोटे व्यापारियों और अन्य गरीब मेहनतकश लोगों के रोजी रोटी के साधन खो गए हैं जिसकी वजह से वे गंभीर स्थिति में हैं।
स्वास्थ्य, आवश्यक वस्तु उत्पादन, नगरपालिका में काम करने वाले मज़दूर, पुलिस और अन्य आवश्यक क्षेत्रों में काम करने वाले लोग नियमित रूप से अपनी जान को जोखि़म में डालकर विभिन्न तरीकों से लोगों की सेवा कर रहे हैं। लोक राज संगठन उन्हें सलाम करता है और सुरक्षा किट प्रदान किये जाने और उनके साथ इंसान की तरह व्यवहार करने की उनकी मांगों का समर्थन करता है।
लॉकडाउन एक आवश्यक कदम है। जबकि लोगों का लॉकडाउन में सहयोग महत्वपूर्ण है, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि सरकार सभी मेहनतकश लोगों को उनकी नौकरी, मजदूरी, भोजन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपायों की घोषणा करे और उन्हें लागू करे। लोक राज संगठन मज़दूरों की मांग का समर्थन करता है कि महामारी के कारण उन्हें जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई सरकार द्वारा की जानी चाहिए।
सभी देशों के लोगों के एकजुट संगर्ष से ही महामारी पर काबू पाया जा सकता है। वायरस के फैलाव के लिए या पर्याप्त रूप से रोकथाम न कर पाने के लिए किसी एक या दूसरे देश को दोष देने का यह समय नहीं है। इसी तरह वायरस के फैलाव के लिए एक समुदाय या संगठन को दोषी ठहराना अन्याय है। समय की मांग हैं कि देश और दुनिया भर में इस संकट से निपटने के लिए, पक्षों की सभी तुच्छ प्रतिस्पर्धाओं से ऊपर उठ कर, सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठन व्यापक नज़रिये से प्रतिक्रिया दें।
लोक राज संगठन पहले से ही संकटग्रस्त लोगों को समर्थन देता आया है। अपने सदस्यों से इस घातक वायरस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने का यह आह्वान करता है। लोक राज संगठन सभी लोगों और उनके संगठनों को भी आह्वान करता है कि वे वायरस के फैलाव को रोकने और संकट में लोगों की सहायता करने की चुनौती का सामना करने के लिए अपना पूरा दम लगाएं।