10 जून, 2018 को राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ के भादरा उपखंड के गांव नेठराना में चारों नहरों की पानी चोरी पर रोक लगाने तथा अमर सिंह ब्रांच के 30 मोघों को ठीक कराने की मांग को लेकर, किसान-मज़दूर एकता सम्मेलन आयोजित किया गया। यह पूर्व सरपंच, दिवंगत मास्टर हनुमान प्रसाद वर्मा की 81वीं जयंती समारोह के अवसर पर किया गया।
किसान मज़दूर व्यापारी संयुक्त संघर्ष समिति का सम्मलेन, 10 जून 2018 किसान मज़दूर व्यापारी संयुक्त संघर्ष समिति के सम्मलेन का अध्यक्ष मंडल |
इस अवसर पर, इलाके के किसानों और मज़दूरों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इसमें नेठराना, दिपलाना, मुंसरी, भादरा, के नहर सिंचित क्षेत्र से किसानों, मज़दूरों, दस्तकारों, दुकानदारों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौजवानों, कर्मचारियों, डाक्टरों, अधिवक्ताओं और पेंशनधारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में नेठराना, दीपलाना, मुंसरी, भादरा की चारों नहरों के चुने गए अध्यक्षों व सदस्यों तथा वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता गांव के वयोवृद्ध किसान चुन्नीलाल मेघवाल ने की। मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता लोक राज संगठन के सर्व हिंद परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा थे।
सम्मेलन का संचालन प्रदीप शर्मा, विनोद सिंगाठिया और भगतसिंह बाना ने किया। वहां उपस्थित लोगों ने मास्टर हनुमान प्रसाद वर्मा को पुष्प भेंट करके श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने स्वर्गीय मास्टर हनुमान प्रसाद वर्मा के जीवन और संघर्षों पर विचार रखे और उनकी मानवतावादी समतामूलक विचारधारा तथा आम लोगों के संघर्षों में अग्रणी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने उनके द्वारा शुरू किये गये संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता, लोक राज संगठन की सर्व हिंद परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा ने बताया कि हमारे देश के लोकतंत्र को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताया जा रहा है, परंतु यह मज़दूरों और किसानों के लिए लोकतंत्र नहीं है। यह कारपोरेट घरानों, देशी और विदेशी कंपनियों के लिए लोकतंत्र है।
हमें यह साफ तरीके से समझना होगा कि देश को न तो कांग्रेस पार्टी के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने चलाया और न ही आज नरेंद्र मोदी चला रहे हैं। वास्तव में इस देश को चलाने वाले 150 इजारेदार पूंजीवादी घराने हैं। वे मेहनतकश वर्ग का शोषण करने के लिए कभी एक पार्टी को तो कभी दूसरी पार्टी को सत्ता में लेकर आते हैं।
हम देखते हैं कि नीरव मोदी, ललित मोदी और विजय माल्या जैसे लोग बैंकों में जमा हमारी मेहनत की कमाई को लेकर भाग गए हैं और विदेशों में मौज कर रहे हैं। ये सारे पूंजीवादी घराने मिलकर करीब 8 लाख करोड़ रुपए का कर्ज़ा वापस नहीं कर रहे हैं। बैंकों की सेहत सुधारने के नाम से हमारी मेहनत की कमाई की बचत से लाखों-करोड़ों के पैकेज देकर, इन्हें फिर से हमारी बचत को लूटने का मौका दिया जा रहा है।
किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मज़दूर का जीना दूभर हो रहा है। आज पूरी व्यवस्था पर इन 150 घरानों का कब्ज़ा है। इसलिए हमें अपनी तात्कालिक मांगों के साथ-साथ राजनीतिक व्यवस्था को अपने हाथों में लेने के लिये संघर्ष करना है। ताकि शोषण पर आधारित शासन व्यवस्था को बदलकर राजनीतिक सत्ता मेहनतकश वर्ग के हाथों में लाई जाये। इसके लिये हमें लोगों के बीच में वर्ग चेतना और राजनीतिक चेतना पैदा करनी होगी और संघर्ष को तेज़ करना होगा। इसके बिना न तो तात्कालिक समस्याओं का हल होगा और न ही लोगों का शोषण बंद होगा।
सम्मेलन को संबोधित करने वाले सभी वक्ताओं ने चारों नहरों में लगे 30 मोघों को ठीक करवाने, नहरों में पूरा पानी देने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने सहित अनेक मांगों पर संघर्ष करने के लिए वर्तमान संघर्ष समिति का विस्तार करने पर जोर दिया। जिसके बाद समिति में चारों नहरों के सभी अध्यक्षों और सदस्यों तथा पंचों और सरपंचों को शामिल करके संघर्ष समिति का विस्तार किया गया। इसके साथ ही अपने संघर्ष को तेज़ करने का संकल्प लिया गया।
लोक राज संगठन उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा |
पूर्व सरपंच ओम सहु |
सम्मेलन को संबोधित करने वाले वक्ताओं में शामिल थे – पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी, प्रेम सिंह पूनिया, भूतपूर्व लोकपाल पी.पी. सिंह डूडी, पूर्व सरपंच कामरेड ओम प्रकाश सहू, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सतपाल नेहरा, शेर सिंह बेनीवाल, जुगल खाती, शिवनाथ सिंह लांबा, मांगे राम बेरड़, शेरसिंह गोस्वामी, विक्रम सिंह राठौड़, राजीव कसवा, जगदीश ढाका, रणजीत सिंह दुहारिया, रामस्वरूप कसवा, मंगाराम स्वामी, रामजीलाल मान, झंडू राम घिंटाला, अमित छापोला, कामरेड गौरी शंकर शिधमुख, गुलाब स्वामी, सुभाष, राजेंद्र बेनीवाल एडवोकेट, बेगराज भाम्बू, शैलेंद्र, प्रदीप शर्मा, विनोद सिंगाठिया, भगत सिंह आदि।
पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी व विधानसभा चुनाव के सभी संभावित उम्मीदवारों ने नेठराना, दीपलाना मुंसरी, भादरा, इन चारों इलाकों के किसानों की मांगों को जायज़ बताते हुए, अमरसिंह ब्रांच के 30 मोगों को ठीक कराने के लिए संघर्ष में साथ रहने का वादा किया। पानी चोरों का साथ देने वाले नेताओं की आलोचना की गई। इस मौके पर 25 पंचायतों के लोगों ने एकजुट होकर, पानी चोरों का साथ देने वालों को विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का संकल्प लिया।