पीने के पानी की मांग को लेकर दिल्ली जल बोर्ड पर प्रदर्शन 28 जुलाई, 2011 को संजय कालोनी के निवासियों ने लोक राज समिति की अगुवाई में पीने के पानी की सुचारू व्यवस्था की मांग को लेकर ओखला औद्योगिक क्षेत्र स्थित दिल्ली जल बोर्ड पर प्रदर्शन किया।
रैली की शुरूआत संजय कालोनी के ‘एस’ ब्लाक पर स्थित पानी के बूस्टर से शुरु हुई। यह रैली ओखला फेस-2 के विभिन्न मजदूर बस्तियों से होती हुई दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर पर पहुंची।
विदित है कि संजय कालोनी पिछले 35 वर्षो से बसी हुई है। यहां करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी है। पानी की मांग की अपेक्षा आपूर्ति बहुत ही कम है। वैसा ही बूस्टर द्वारा सप्लाई किये जा रहे पानी के संदर्भ में भी है। टैंकरों पर निर्भर लोगों की समस्यायें बढ़ गई हैं। यदा-कदा टैंकर आने से ड्यूटी पर जाने वाले लोग पानी से वंचित हो जाते हैं।
मीरा कुमारी ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड, जिसका काम बगैर भेद-भाव सभी लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने का है, वह सिर्फ विधायकों के गंदे राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति का मात्र साधन बन गया है। यदि स्थानीय भाजपा के विधायक की रैली में लोग नहीं जाते हैं, तो उनको टैंकर से पानी नहीं मिल सकती है।
लोक राज समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि 2007 से लेकर आज तक दिल्ली जल बोर्ड तथा दिल्ली सरकार से मांग कर रहे हैं, कि घर-घर मीटर लगाया जाये। हमें मुफ्त का पानी नहीं चाहिए। पूरे साल में टैंकर द्वारा सप्लाई किये जा रहे पानी पर खर्च का कुल बजट से संजय कालोनी में पानी की लाईन बिछ सकता है। हरेक परिवार महीने में 50 रुपये देने के लिए तैयार है। जबकि आज स्थिति यह है कि साईकिल या टैंकर द्वारा फ्री का पीने का पानी पीने के लिए प्रति परिवार को अप्रत्यक्ष रूप से प्रति महीना 1000 रुपये खर्च करना पड़ता है। उस पर भी स्थानीय विधायक तथा जेई के पास जाकर गिड़गिडाना पड़ता है। सरकार और दिल्ली जल बोर्ड ने हमारे प्रस्ताव पर कोई सुनवाई नहीं की।
लोकेश कुमार ने दिल्ली सरकार व दिल्ली जल बोर्ड से संजय कालोनी के घर-घर में पीने के पानी की व्यवस्था की मांग की है। पानी जैसी बुनियादी जरूरत को राजनीतिक पार्टियों और उनके नेताओं के रहमो-करम पर यहां के निवासियों को निर्भर नहीं रखा जा सकता है।
प्रदर्शन को संबोधित करने वालों में थे – मीरा देवी, सुबोध गोस्वामी, रेणू नायक, विनोद कुमार, राम प्रसाद, रंजीत कुमार आदि थे।
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों से लोक राज समिति का प्रतिनिधिमंडल मिला और पानी की समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग पत्र दिया।
मांगें:
1. घर-घर पानी का कनेक्शन दिया जाये।
2. संजय कालोनी में पानी के अधिक से अधिक टैंकरों की सप्लाई सुबह 8 बजे से पहले तथा शाम 6 बजे के बाद होनी चाहिए।
3. पीने के पानी की हरेक शिकायत को दर्ज करके निवासी तक पानी पहुंचाया जाये।
4. आने वाले समय में टैंकरों के पानी को बूस्टरों में डालकर पानी की लाईनों द्वारा पानी की सप्लाई का स्थायी समाधान किया जाये।
5. बूस्टरों के द्वारा पानी सप्लाई सुबह व शाम को एक-एक घंटे किया जाये।
6. पानी के वितरण में विधायक हस्तक्षेप को खत्म किया जाये। आम लोगों तक पीने के पानी को सुनिश्चित करने की रणनीति बनायी जाये जिसके लिए दिल्ली जल बोर्ड जिम्मेदार है।